धामी के सीएम बनाने से भाजपा के वरिष्ठ विधायक नाराज, मान मनोव्वल में जुटा भाजपा नेतृत्व

0

देहरादून:  पुष्कर सिंह धामी की मुख्यमंत्री के रुप में जाजपोषी को लेकर भाजपा के वरिष्ठ विधायकों में नाराजगी का माहौल बना हुआ है। जिसे देखते हुए पार्टी अब उनके मान मनोव्वल में जुट गई है।

मुख्यमंत्री के रूप में पुष्कर सिंह धामी और उनके मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण से ऐन पहले के इस घटनाक्रम को देखते हुए रविवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट समेत अन्य नेता रूठों को मनाने की कोशिशों में जुटे रहे। वहीं दूसरी ओर सतपाल महाराज ने इस मामले में मीडिया से बात करने से इंकार कर दिया।

उत्तराखंड की भाजपा सरकार में दूसरी बार नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। बीते रोज ही केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के रूप में खटीमा से युवा विधायक पुष्कर सिंह धामी के नाम पर मुहर लगाई गई।

भाजपा हाईकमान के इस फैसले से भाजपा के कुछ विधायक नाराज चल रहे हैं। इनमें कुछ कांग्रेस पृष्ठभूमि के हैं, जो कुछ साल पहले भाजपा में शामिल हुए हैं। इनमें तीरथ सरकार में मंत्री रहे सतपाल महाराज, डा हरक सिंह रावत आदि के नाम मुख्य रूप से चर्चा में हैं।इसके अलावा विधायक बिशन सिंह चुफाल समेत कुछ अन्य विधायक भी नाराज बताए जा रहे हैं।

भाजपा विधायक बिशन चुफाल ने तो रविवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक के समक्ष अपनी पीड़ा भी बयां कर दी। चर्चा तो यह भी रही कि चुफाल शायद ही शपथ लें, वह तीरथ सरकार में मंत्री थे। विधायकों में नाराजगी के भाव को देखते हुए भाजपा नेतृत्व तुरंत ही डैमेज कंट्रोल में जुट गया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, नैनीताल से सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने चुफाल से मुलाकात कर उन्हें मनाने की कोशिश की। इसके अलावा डा हरक सिंह रावत, सतपाल महाराज समेत कुछ अन्य विधायकों से भी भाजपा नेतृत्व द्वारा संपर्क साधे जाने की सूचना है।

वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने फिर दोहराया कि पार्टी का कोई भी विधायक नाराज नहीं है। सभी पूरी तरह एकजुट हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *